श्री अरविंद महिला कॉलेज में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस।
ध्वजारोहण एवं प्रारंभिक कार्यक्रमों के पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो० डॉ. रेखा रानी ने अपने प्रभावशाली संबोधन में स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व के साथ भारतीय दर्शन की समृद्ध परंपरा पर प्रकाश डाला। उन्होंने वेदों के संस्कृत श्लोकों का उल्लेख करते हुए उनके निहित जीवन-मूल्यों एवं संदेशों की व्याख्या की तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए चरित्र-निर्माण, सकारात्मक चिंतन एवं अनुशासन को आवश्यक बताया। उन्होंने छात्राओं को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उनका प्रेरणादायी संबोधन छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत प्रभावशाली रहा।
समारोह के दौरान छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इनमें देशभक्ति पर आधारित एकल गीत, एकल नृत्य, समूह नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुति सहित अनेक कार्यक्रम शामिल रहे। इन सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के सफल आयोजन एवं प्रभावी संयोजन में संगीत विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शालिनी शर्मा का सक्रिय सहयोग एवं समन्वय महत्वपूर्ण रहा। छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता के प्रति सम्मान की भावना का सुंदर प्रदर्शन किया।
स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर छात्राओं की विभिन्न उपलब्धियों एवं उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंतर विश्वविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में समूह गायन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली श्री अरविंद महिला कॉलेज के संगीत विभाग की छात्राओं तथा शास्त्रीय गायन में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धि के लिए उत्साहवर्धन किया गया। इसके साथ ही बिहार दिवस के अवसर पर अपनी सफल प्रस्तुति देने वाली छात्राओं—खुशी रानी, श्रुति कुमारी (यूजी), श्रुति कुमारी (पीजी), सोनम, मेधा रानी, श्वेता कुमारी, तनीषा, जैसिका आर्या एवं नूपुर चक्रवर्ती—को प्राचार्या प्रो० डॉ. रेखा रानी द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त रंगोली, समूह नृत्य आदि विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। छात्राओं की ये उपलब्धियाँ श्री अरविंद महिला कॉलेज की समृद्ध एवं उत्कृष्ट सांस्कृतिक परंपरा तथा जीवंत सांस्कृतिक परिवेश को परिलक्षित करती हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वरिष्ठ शिक्षकों में प्रो० अंजली प्रसाद, प्रो० शिवनारायण, प्रो० पुष्पा रॉय, प्रो० विमी सिंह, डॉ. नोरा निवेदिता शॉ सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. वेली सिन्हा द्वारा प्रभावशाली एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की विभिन्न कड़ियों को सुंदर एवं सहज रूप से जोड़ते हुए पूरे समारोह को गरिमापूर्ण और आकर्षक बनाए रखा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने महाविद्यालय परिवार को राष्ट्र की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः स्मरण करने का अवसर प्रदान किया। पूरा समारोह राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, उत्साह और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से परिपूर्ण रहा।


0 Response to "श्री अरविंद महिला कॉलेज में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस।"
एक टिप्पणी भेजें