-->

Translate

आर.पी.एम. कॉलेज में AEC-4 स्वयंसेविता प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन।

आर.पी.एम. कॉलेज में AEC-4 स्वयंसेविता प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन।

जोश भारत न्यूज|बिहार
पटना। रामेश्वरदास पन्नालाल महिला महाविद्यालय (आर.पी.एम. कॉलेज), पटना सिटी में स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राओं के लिए AEC-4 (NGO Volunteership Programme) के सफल समापन के उपलक्ष्य में स्वयंसेविता (Volunteership) प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन 10 जुलाई, 2026 को महाविद्यालय सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों तथा गैर-शिक्षण कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
 

यह स्वयंसेविता पाठ्यक्रम 1 जून से 15 जून, 2026 तक प्रेम यूथ फाउंडेशन के माध्यम से संचालित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं ने प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के तहत कपड़े के थैले तैयार किए तथा स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति अभियान, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं विभिन्न सामाजिक विषयों पर जन-जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाई। छात्राओं ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय देते हुए इन सभी गतिविधियों को समर्पण एवं उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अंतर्गत इस प्रकार के अनुभवात्मक एवं सामुदायिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि स्वयंसेविता विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता तथा सेवा-भाव का विकास करती है, जो उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

प्राचार्या ने छात्राओं को माय भारत पोर्टल में सभी को पंजीकरण करने की भी सलाह दी ताकि वे सरकार द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले सकें।

कार्यक्रम की पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ. वीणा कुमारी ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागियों ने अत्यंत समर्पण और अनुशासन के साथ स्वयंसेवी कार्यों को पूरा किया।

विशेष रूप से कुछ छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट कार्य, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता से प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।

प्रेम यूथ फाउंडेशन के संस्थापक गांधीवादी श्री प्रेम कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आर. पी. एम. कॉलेज की छात्राओं ने इस स्वयंसेविता कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा उन्हें सौंपे गए प्रत्येक कार्य को पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और सेवा-भाव के साथ संपन्न किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यही छात्राएँ भविष्य में समाज परिवर्तन की प्रभावी वाहक बनेंगी।

फाउंडेशन के प्रोग्राम ऑफिसर श्री रितिक राज वर्मा ने भी छात्राओं के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि 1 जून से 15 जून तक वालंटियरशिप कराने का उद्देश्य केवल सर्टिफिकेट देना नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियां, संवेदनशीलता और सेवा भाव को जागरूक करना था। यह सर्टिफिकेट कागज का टुकड़ा नहीं बल्कि सभी वालंटियरशिप का मेहनत लगन से किए गए कार्यों का गवाह है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान छात्राओं ने नई-नई गतिविधियों को सीखने में गहरी रुचि दिखाई तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति उल्लेखनीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।

इस अवसर पर स्वयंसेविता कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 16 छात्राओं को महाविद्यालय की प्राचार्या, प्रेम यूथ फाउंडेशन के संस्थापक के द्वारा विशेष प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा भविष्य में समाज सेवा एवं नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिसमें 1. ज्योति शर्मा, 2. निशु कुमारी, 3. जानवी नरेश (जंतु विज्ञान), 4. उजमा (वनस्पति विज्ञान), 5. सबीला (वनस्पति विज्ञान), 6. रिया गुप्ता (रसायन शास्त्र), 7. खुशी कुमारी (32), 8. कोमल कुमारी, 9. खुशी कुमारी 108 (राजनीति विज्ञान), 10. संध्या कुमारी (मनोविज्ञान), 11. सिमरन कुमारी (गृह विज्ञान), 12. स्नेहा शुक्ला (अर्थशास्त्र), 13. अंकिता रॉय (अंग्रेजी), 14. स्नेहा श्रीवास्तव (दर्शनशास्त्र), 15. दिव्या कुमारी, 16. श्वेता रानी (हिंदी) शेष सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रेम यूथ फाउंडेशन के संस्थापक श्री प्रेम कुमार द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में मंच का संचालन एन.जी.ओ. कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. वीणा कुमारी के द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। सम्मानित छात्राओं ने अपने अनुभवों को साझा किया।

समारोह का समापन छात्राओं को समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति निरंतर सक्रिय रहने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण डॉ. रजिया नसरीन, डॉ. जयंती रानी, डॉ. प्रीति कुमारी, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. प्रतिष्ठा, डॉ. प्रियंका, डॉ. अमोल, डॉ. लक्ष्मी, डॉ. दशरथ मंडल, गैर-शिक्षण कर्मचारी, प्रेम यूथ फाउंडेशन के प्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अन्त में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुशीला कुमारी के द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम आर.पी.एम. कॉलेज की छात्राओं के लिए एक प्रेरणादायी अनुभव रहा, जिसने उन्हें न केवल प्रमाण-पत्र दिया, बल्कि समाज सेवा की भावना और राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी भी सौंपी।

0 Response to "आर.पी.एम. कॉलेज में AEC-4 स्वयंसेविता प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन।"

एक टिप्पणी भेजें

advertising articles 2

Advertise under the article