खुसरूपुर में तस्कर गिरफ़्तार, लहसुन की बोरी में छिपाकर लाई गई अंग्रेजी शराब बरामद।
जोश भारत न्यूज|बिहार
खुसरूपुर। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर खुसरूपुर थाना टीम ने खुसरूपुर तपाथान NH30 बख्तियारपुर मार्ग पर छापा मारते हुए तीन पुरुष और एक महिला को भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अंग्रेजी ब्रांड "सिग्नेचर" की 750 एमएल की भारी खेप बरामद की गयी, जिसे तस्करों ने मुगलसराय से रेल मार्ग द्वारा पटना लाया था और बाद में सड़क मार्ग से खुसरूपुर ग्राम मोसिमपुर पहुंचाया जा रहा था। घटना की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मोसिमपुर ग्राम में शराब की भारी खेप सप्लाई की जानी है। सूचना के मुताबिक मुगलसराय से पटना होते हुए सड़क मार्ग से खुसरूपुर मोसिमपुर में सप्लाई की जानी थी। इसके बाद एसआई संतोष कुमार और एएसआई शकील अंसारी एवं उनकी टीम ने निगरानी रखी और NH30 पर वाहनों की तलाशी के दौरान एक ऑटो को रोका गया। थाना प्रभारी ने बताया कि ऑटो में तलाशी के दौरान लहसुन के बोरे में छिपाकर रखी गई कई बोतलें बरामद हुईं। प्रारम्भिक जांच में यह पाया गया कि शराब की कुल मात्रा व कीमत काफी अधिक है। गिरफ्तार लोगों के पास से बरामद सामान व वाहन कब्जे में ले लिए गए हैं। गिरफ्तार व्यक्तियों से अभी पूछताछ जारी है ताकि आपूर्ति के स्रोत और बाकी नेटवर्क का खुलासा हो सके। आरोपियों के नाम और अन्य विवरण अभी जांच विभाग द्वारा सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, साथ ही उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम और संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संजीव कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार के तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और स्थानीय प्रशासन व लोगों से भी अपील की है कि ऐसी खरीद फरोख्त की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पकड़े गए आरोपियों के तुरंत बाद उनके आकाओं और सप्लाई चैन की छानबीन की जाएगी ताकि इस तरह की आपूर्ति बंद की जा सके।
0 Response to "खुसरूपुर में तस्कर गिरफ़्तार, लहसुन की बोरी में छिपाकर लाई गई अंग्रेजी शराब बरामद।"
एक टिप्पणी भेजें