श्री अरविंद महिला कॉलेज में "बॉलीवुड फिल्मों में महिलाओं का चित्रण" विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित।
जोश भारत न्यूज|बिहार
पटना। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई श्री अरविंद महिला कॉलेज, पटना के अंग्रेजी विभाग द्वारा "बॉलीवुड फिल्मों में महिलाओं का चित्रण" एवं "महिला-केंद्रित फिल्में और उनके सामाजिक प्रभाव" विषयों पर एक भव्य पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 11 अप्रैल 2026 को किया गया।
इस प्रतियोगिता में स्नातक द्वितीय, चतुर्थ और छठे सेमेस्टर की छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और वैचारिक गहराई के माध्यम से सिनेमाई पर्दे पर महिलाओं के विभिन्न स्वरूपों और समाज पर उनके गहरे प्रभाव को प्रभावशाली ढंग से उकेरा।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. नोरा एन. शॉ ने अपने स्वागत संबोधन में विषय की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) साधना ठाकुर ने विशेष रूप से उपस्थित होकर छात्राओं का उत्साहवर्द्धन किया और उनके द्वारा प्रस्तुत दृष्टिकोण की सराहना की।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल की भूमिका दर्शनशास्त्र विभाग के श्री गोपाल कुमार और राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ. सपना बरुआ ने निभाई।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सेमेस्टर IV की जोया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सेमेस्टर VI की नंदिनी कुमारी दूसरे और महरोज फातिमा तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं सेमेस्टर VI की ही ऋषिका राज ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल और सुचारू संचालन डॉ. कोमल वर्मा, डॉ. पूजा सिंह और सुनील भारती के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ। इस आयोजन में विभाग के अन्य शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
0 Response to "श्री अरविंद महिला कॉलेज में "बॉलीवुड फिल्मों में महिलाओं का चित्रण" विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित।"
एक टिप्पणी भेजें