श्री अरविंद महिला कॉलेज में शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या महोदया के स्वागत भाषण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। प्राचार्या एवं महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
अपने संबोधन में प्राचार्या प्रो. रेखा रानी ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. राधाकृष्णन के जीवन एवं शैक्षिक आदर्शों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार एवं चरित्र निर्माण के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखना भी है। समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर प्रो. साधना ठाकुर, प्रो. शिवनारायण सिंह, प्रो. अंजलि प्रसाद, प्रो. पुष्पा राय एवं श्री राजीव शंकर सिन्हा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने शिक्षक की भूमिका एवं दायित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों के जीवन को दिशा प्रदान करता है। उन्होंने वर्तमान समय में शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों की प्रासंगिकता पर भी अपने विचार साझा किए।
समारोह में महाविद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके समर्पण, निष्ठा एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। प्राचार्या महोदया द्वारा प्रत्येक शिक्षक को मोमेंटो, शॉल, पेन एवं गुलाब का पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, महाविद्यालय की छात्राओं ने भी अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया। छात्राओं की इस आत्मीय पहल ने समारोह को विशेष रूप से भावपूर्ण बना दिया।
शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं के बीच आत्मीय संवाद और सम्मान की भावना देखने को मिली। कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षक के प्रति कृतज्ञता तथा शिक्षा के मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गरिमापूर्ण वातावरण में हुआ। शिक्षक दिवस पर आयोजित यह समारोह शिक्षकों के अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आभार व्यक्त करने का सार्थक अवसर बना।
0 Response to "श्री अरविंद महिला कॉलेज में शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित।"
एक टिप्पणी भेजें