विश्व पर्यावरण दिवस एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत श्री अरविंद महिला कॉलेज में पौधारोपण।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या प्रो. रेखा रानी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस विशेष का विषय नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और सामाजिक उत्तरदायित्व का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते पर्यावरणीय संकट, जलवायु परिवर्तन तथा प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण को देखते हुए पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को भी सशक्त बनाती है। उन्होंने छात्राओं से अपनी माता तथा प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने हेतु कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने शास्त्रों में वर्णित उक्ति “दशपुत्रसमो द्रुम” का उल्लेख करते हुए कहा कि एक वृक्ष का महत्व दस पुत्रों के समान माना गया है। वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का आधार भी बनते हैं।
कार्यक्रम में उद्यान समिति के प्रभारी डॉ. आदित्य भारद्वाज, श्री गोपाल कुमार, महाविद्यालय की बर्सर डॉ. अनुमाला सिंह, प्रधान सहायक डॉ. शबीना मुस्तफा, श्री रोहित कुमार, माली श्री मदन कुमार सहित अन्य कर्मचारियों ने सहभागिता की। उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा प्रकृति के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश प्रसारित किया गया।


0 Response to "विश्व पर्यावरण दिवस एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत श्री अरविंद महिला कॉलेज में पौधारोपण।"
एक टिप्पणी भेजें