अरवल जिले में ऐतिहासिक उपलब्धि, शिवदेनी साव महाविद्यालय को AICTE से MCA कोर्स की मंजूरी, BCA जारी रहेगा।
जोश भारत न्यूज|बिहार
कलेर, अरवल। जिले के स्थानीय शिवदेनी साव महाविद्यालय, कलेर ने शैक्षणिक क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है।
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने महाविद्यालय को 2026-27 सत्र से MCA (मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) पाठ्यक्रम चलाने की अनुमति प्रदान कर दी है। साथ ही, BCA (बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) कोर्स को भी निरंतर चलाने की स्वीकृति मिली है। मगध विश्वविद्यालय के अधीन अरवल जिले का यह एकमात्र ऐसा कॉलेज है, जिसे NAAC मान्यता, भारत सरकार के RUSA से मॉडल कॉलेज का दर्जा तथा बिहार सरकार से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का सम्मान प्राप्त है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वेद प्रकाश चतुर्वेदी के कुशल नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल हुई है। प्राचार्य महोदय ने बताया, "इस वर्ष 2026-27 सत्र के लिए MCA कोर्स में नामांकन प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। अब अरवल जिले के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।" उन्होंने कहा कि यह जिले के शैक्षणिक परिदृश्य में मील का पत्थर साबित होगा। वोकेशनल कोर्स विभागाध्यक्ष श्री विकास कुमार विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि MCA कोर्स के गुणवत्तापूर्ण संचालन हेतु नया भवन तैयार हो चुका है। इस भवन में AICTE के मानकों के अनुरूप आधुनिक कंप्यूटर लैब, समृद्ध पुस्तकालय, स्मार्ट क्लासरूम, उच्च योग्य शिक्षक और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। विश्वकर्मा ने कहा, हमारा उद्देश्य है कि यहां से पढ़े छात्रों का प्लेसमेंट प्रमुख कंपनियों में सुनिश्चित हो। महाविद्यालय परिसर में इस उपलब्धि पर शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। सभी ने प्राचार्य डॉ. चतुर्वेदी को बधाई दी और शुभकामनाएं प्रेषित की। यह सफलता अरवल जिले के युवाओं के लिए डिजिटल शिक्षा के नए द्वार खोलने वाली है, जो स्थानीय स्तर पर कौशल विकास को गति प्रदान करेगी।
0 Response to "अरवल जिले में ऐतिहासिक उपलब्धि, शिवदेनी साव महाविद्यालय को AICTE से MCA कोर्स की मंजूरी, BCA जारी रहेगा।"
एक टिप्पणी भेजें