राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शेखपुरा में प्लेसमेंट की धूम: 'लायम ग्रुप' में 6 छात्रों का चयन।
शेखपुरा। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शेखपुरा के लिए 10 मार्च 2026 का दिन रहा बेहद गौरवशाली। कॉलेज के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में आयोजित ऑनलाइन प्लेसमेंट ड्राइव में प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी 'लायम ग्रुप' (Layam Group) ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस चयन प्रक्रिया में कॉलेज के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) विभाग के छात्रों ने अपनी तकनीकी कुशलता और प्रतिभा का लोहा मनवाया। कठिन चयन प्रक्रिया के बाद विभाग के 6 मेधावी छात्रों- सुजीत कुमार, विक्रम लाल दास, नमन कुमार, सिद्धांत कुमार, आफताब आलम और सत्यम कुमार मिश्रा का चयन कंपनी द्वारा किया गया है। संस्थान की इस उपलब्धि से पूरे कैंपस में हर्ष का माहौल है।
प्राचार्य डॉ. संदीप तिवारी ने सफल उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, हमारे संस्थान के छात्रों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। मुझे गर्व है कि GEC शेखपुरा के छात्र प्रतिष्ठित कंपनियों में अपनी जगह बना रहे हैं। यह उपलब्धि न केवल इन छात्रों के लिए बल्कि पूरे कॉलेज परिवार के लिए गौरव का विषय है। मैं सभी चयनित छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूँ और आशा करता हूँ कि वे उद्योग जगत में कॉलेज का नाम रोशन करेंगे।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर (TPO), प्रोफेसर सौरभ कुमार ने बधाई देते हुए कहा, "Layam Group" में हमारे 6 छात्रों का चयन हमारे प्लेसमेंट सेल के निरंतर प्रयासों की एक बड़ी जीत है। हम छात्रों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आने वाले समय में हम और भी कई बड़ी कंपनियों को कैंपस में आमंत्रित करने की योजना बना रहे हैं।
Associate TPO, डॉ. राहुल कुमार हिंदुस्तानी और प्रोफेसर पूजा ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए एक संयुक्त संदेश में कहा सभी चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ। आपकी यह सफलता अन्य छोटे भाई-बहनों और सहपाठियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

0 Response to "राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शेखपुरा में प्लेसमेंट की धूम: 'लायम ग्रुप' में 6 छात्रों का चयन।"
एक टिप्पणी भेजें