श्री अरविंद महिला कॉलेज में अविस्मरणीय होली: गीत, नृत्य और भोज ने बांधा सबको एक सूत्र में,
पटना। श्री अरविंद महिला कॉलेज, पटना में दिनांक 23 फरवरी 2026 को होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। होली से पूर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के इस पावन पर्व को अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. साधना ठाकुर ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
इस आयोजन में महाविद्यालय की भूतपूर्व प्राचार्या प्रो. मधुबाला वर्मा तथा प्रो. उषा झा सहित अन्य पूर्व शिक्षिकाएं भी आमंत्रित थीं। उनकी गरिमामय उपस्थिति एवं स्नेहिल सानिध्य ने कार्यक्रम को अविस्मरणीय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने बड़े–छोटों का सम्मान करते हुए अबीर-गुलाल लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत संगीत विभाग की छात्राएं—
श्रुति ठाकुर, श्रुति कुमारी, मेधा रानी, श्वेता कुमारी, सोनम कुमारी, तनीषा कुमारी एवं तबले पर प्रवीण कुमार—द्वारा होली से संबंधित गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से हुई। “बाबा हरिहरनाथ”, “होलिया में”, “हमरा के छोड़ सैंया”, “घर के मोहनवा” एवं “लाल चुनरी” जैसे गीतों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही बी.बी.ए. की एक छात्रा ने होली गीत पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर महाविद्यालय की पूर्व शिक्षिकाओं ने भी मधुर होली गीत प्रस्तुत कर वातावरण को और अधिक आनंदमय बना दिया।
इसके उपरांत औपचारिक होली मिलन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की ओर से होली भोज का आयोजन किया गया, जिसमें विविध स्वादिष्ट व्यंजनों का सभी ने आनंद लिया।
महाविद्यालय के सभी संकायों के वरीय प्राध्यापक, प्राध्यापिका, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं अन्य कर्मचारी इस आयोजन में सम्मिलित रहे। सभी के सामूहिक प्रयास से वर्ष 2026 का यह होली मिलन समारोह एक यादगार आयोजन के रूप में संपन्न हुआ।


0 Response to "श्री अरविंद महिला कॉलेज में अविस्मरणीय होली: गीत, नृत्य और भोज ने बांधा सबको एक सूत्र में,"
एक टिप्पणी भेजें