श्री अरविन्द महिला कॉलेज में संविधान दिवस पर प्रस्तावना-पाठ और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन।
पटना। श्री अरविन्द महिला कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की इकाई 1 और 2 के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 26 नवंबर 2025 को संविधान दिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश छात्राओं में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की प्राचार्या प्रो. साधना ठाकुर के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुई। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि यह लोकतंत्र की आत्मा है जो नागरिकों को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध कराता है।
इसके बाद उपस्थित शिक्षकगणों और छात्राओं ने एक स्वर में संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों का सामूहिक पाठ किया। इससे पूरे प्रांगण में देशभक्ति और गौरव का माहौल बन गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन राजनीति विज्ञान विभाग की शिक्षिका एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई 2 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सपना बरुआ ने किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में आयोजित संविधान विषयक क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अमृता कुमारी ने प्रथम स्थान, रानी कुमारी ने द्वितीय स्थान और नंदिनी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर राजनीति विज्ञान विभाग की शिक्षिका सुश्री अर्चना कुमारी ने आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार सिंह, डॉ. नोरा निवेदिता शॉ, डॉ. मोहन मुरारी, डॉ. वेली सिंहा, डॉ. विभा कृति सहित सभी शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया।



0 Response to "श्री अरविन्द महिला कॉलेज में संविधान दिवस पर प्रस्तावना-पाठ और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन।"
एक टिप्पणी भेजें