नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के 106 तीर्थयात्रियों की बिहार में मदद पर बोले भाजपा नेता राकेश सिंह राणा, कहा—“बिहार ने मिसाल कायम की”
पटना: नेपाल में आई अचानक बाढ़ के कारण फंसे महाराष्ट्र के 106 तीर्थयात्रियों को बिहार के सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने सुरक्षित भारत पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बिहार सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने नेपाल सीमा से सभी यात्रियों को सुरक्षित सीतामढ़ी पहुंचाया और उनके लिए भोजन, पेयजल व आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की।
इसी मानवीय पहल को लेकर भाजपा नेता राकेश सिंह राणा ने बिहार की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में बिहार ने महाराष्ट्र के लोगों की मदद कर मानवीयता और भाईचारे की मिसाल कायम की है।
राकेश सिंह राणा ने कहा, “नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के 106 लोगों की बिहार के सीतामढ़ी में जिस तरह मदद की गई, वह मिसाल है। बिहार ने अपना फर्ज निभाया है। शिवसेना को भी इसे समझना चाहिए कि मुश्किल वक्त में बिहार ने महाराष्ट्र के लोगों के साथ खड़े होकर भाईचारे का संदेश दिया है।”
सीतामढ़ी से पटना और फिर महाराष्ट्र भेजे गए यात्री
नेपाल से सुरक्षित भारत लाए जाने के बाद सभी 106 तीर्थयात्रियों को सीतामढ़ी से पटना लाया गया। रेलवे से समन्वय कर यात्रियों के लिए अतिरिक्त एसी कोच की व्यवस्था की गई, जिसके बाद उन्हें महाराष्ट्र के लिए रवाना किया गया।
राकेश सिंह राणा का बयान अब राजनीतिक चर्चा के साथ-साथ बिहार की मानवीय पहल को लेकर भी चर्चा में है। संकट की घड़ी में दूसरे राज्य के नागरिकों की मदद ने अंतरराज्यीय सहयोग और सामाजिक भाईचारे का संदेश दिया है।
0 Response to "नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के 106 तीर्थयात्रियों की बिहार में मदद पर बोले भाजपा नेता राकेश सिंह राणा, कहा—“बिहार ने मिसाल कायम की”"
एक टिप्पणी भेजें