एल.एन. मिश्रा संस्थान, पटना में SPIC MACAY के सहयोग से नियाज़ी ब्रदर्स एंड टीम की भव्य कव्वाली प्रस्तुति
पटना, 14 मार्च 2026।
ललित नारायण मिश्रा आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान (LNMI), पटना में सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर अमंगस्ट यूथ (SPIC MACAY) तथा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से प्रसिद्ध नियाज़ी ब्रदर्स एंड टीम द्वारा भव्य कव्वाली प्रस्तुति का आयोजन किया गया। यह सांस्कृतिक कार्यक्रम संस्थान परिसर में दोपहर 1:30 बजे से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत, सूफी परंपरा तथा देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना था। नियाज़ी ब्रदर्स एंड टीम ने अपनी शानदार और भावपूर्ण प्रस्तुति से पूरे सभागार को सूफियाना रंग में रंग दिया। उनकी प्रस्तुत कव्वालियों ने श्रोताओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ भारतीय संगीत की गहराई से भी परिचित कराया।
इस अवसर पर संस्थान की निदेशक डॉ. एन. विजय लक्ष्मी (IAS) ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि SPIC MACAY जैसे संगठन भारतीय शास्त्रीय कला और संस्कृति को युवाओं तक पहुँचाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं, जिससे छात्र अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ पाते हैं।
संस्थान के पंजीयक श्री सुधीर कुमार (BAS) ने कहा कि भारतीय संगीत और सांस्कृतिक परंपराएँ हमारी अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल कला और संस्कृति के प्रति प्रेरित करते हैं, बल्कि उन्हें भारतीय परंपराओं की समृद्धि और महत्व को समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर नियाज़ी ब्रदर्स एंड टीम ने कहा कि “एल.एन. मिश्रा संस्थान जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में प्रस्तुति देना हमारे लिए सम्मान की बात है। यहाँ के विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साह और संगीत के प्रति लगाव अत्यंत प्रेरणादायक है। SPIC MACAY के माध्यम से युवाओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत और सूफी परंपरा से जोड़ना एक अत्यंत सराहनीय पहल है।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कलाकारों की प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया और तालियों की गूंज से उनका उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन संस्थान के सांस्कृतिक जीवन में एक यादगार अवसर सिद्ध हुआ।

0 Response to "एल.एन. मिश्रा संस्थान, पटना में SPIC MACAY के सहयोग से नियाज़ी ब्रदर्स एंड टीम की भव्य कव्वाली प्रस्तुति"
एक टिप्पणी भेजें